चंडीगढ़/ नगर निगम के वार्डो की आरक्षण स्थिति तुरन्त स्पष्ट की जाये : सत्य पाल जैन

✍️ मनोज शर्मा, चंडीगढ़

 

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ के पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सत्य पाल जैन ने चंडीगढ़ प्रशासन से मांग की है कि आने वाले नगर निगम चुनाव के लिये वार्डो की विभिन्न क्षेणियों के लिये प्रावधान करके, इसे तुरन्त प्रकाशित किया जाये कि कौन सा वार्ड किस श्रेणी के लिये आरक्षित है।
आज जारी एक बयान में जैन ने कहा कि 6 महीने पहले दिसम्बर, 2020 में चंडीगढ़ नगर निगम के वार्डो की संख्या 26 से बढ़ाकर 35 कर दी थी लेकिन अब तक यह तय नहीं किया कि कौन सा वार्ड किस श्रेणी के लिये आरक्षित होगा, जबकि नगर निगम चुनाव को मुश्किल से 5-6 महीनें ही बाकि बचे हैं।
जैन ने कहा कि हालांकि वार्डो की संख्या 26 से बढ़ाकर 35 कर दी गई परन्तु चुने हुये पार्षद तो अभी तक 26 ही हैं। इस कारण शहर में अनिश्चितता का माहौल है तथा शहर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
जैन ने कहा कि वार्डो की आरक्षण सम्बंधी सही स्थिति की जानकारी होने के बाद जहां विभिन्न पार्टियों को ये सोचने का मौका मिलेगा कि कौन सा वार्ड किस श्रेणी के लिये आरक्षित है तथा वहां पर किसे उम्मीदवार बनाया जाये, वहीं उम्मीदवारों को भी लगभग 6 माह का समय मिल जायेगा कि किस वार्ड से चुनाव लड़ना चाहते हैं या लड़ सकते हैं।
जैन ने कहा कि यदि वार्डो के आरक्षण का काम राज्य चुनाव आयोग ने भी करना है तब भी चंडीगढ़ प्रशासन को पहल करके इसे जल्द से जल्द करवाना चाहिये ताकि शहर में नगर निगम चुनाव को लेकर अनिश्चितता का माहौल समाप्त हो सके तथा लोग भी आने वाले चुनाव में अपने प्रतिनिधि के बारे में समय रहते और अधिक चिंतन कर सकें।

More From Author

You May Also Like